
फरीदाबाद नगर निगम मानसून से पहले नालों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है। लकड़पुर के बाद अब एसी नगर के नाले से अवैध निर्माण हटाया जाएगा। निगम ने 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं ताकि बारिश में जलभराव न हो। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी दे चुके हैं आदेश।
फरीदाबाद। मानसून से पहले नगर निगम सभी बड़े नालों से अतिक्रमण हटाना चाहता है। ताकि नालों में बरसाती पानी की निकासी में कोई दिक्कत न आए। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने निगम को सभी नालों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
इसी के मद्देनजर निगम ने एसी नगर में नाले किनारे अतिक्रमण करने वाले 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में कहा गया कि नाले पर किया गया अतिक्रमण स्वयं हटा लें। यदि निगम इसे तोड़ता है तो नुकसान के लिए लोग स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इससे पहले नगर निगम ने लकड़पुर में नाले पर अतिक्रमण कर बनाए गए 50 से अधिक निर्माणों को तोड़ दिया था। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों ने भी निगम का साथ दिया था।
एसी नगर में नाले के किनारे बड़ी संख्या में अवैध निर्माण बने हुए हैं। इनसे निकलने वाला कचरा भी नाले में फेंका जाता है। नाला पूरी तरह से कचरे से अटा पड़ा है। ऐसे में हल्की बारिश में भी नाले पूरी तरह से ओवरफ्लो हो जाते हैं। पिछले मानसून में बारिश के दौरान लोगों के घरों में पानी घुस गया था।
source of news-Dainik Jagran
सीएम भी दे चुके है नालों से अतिक्रमण हटाने का आदेश
रविवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल हुए सीएम मनोहर लाल ने भी निगम अधिकारियों को नालों से अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट आदेश दिए हैं। नगर निगम संयुक्त आयुक्त ने तोड़फोड़ के दौरान विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल की मांग की है।