महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव में बिना किसी विरोध के चुनाव जीतने वालों की खुशी का रंग फीका पड़ गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य चुनाव आयोग ने उनके चुनाव की जांच का आदेश दे दिया है।
मुंबई: महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव में निर्विरोध जीतने वाले उम्मीदवारों को राज्य चुनाव आयोग ने बड़ा झटका दिया है। महाराष्ट्र की कुछ महानगरपालिका में निर्विरोध चुनाव की जांच की जाएगी, इसका आदेश राज्य चुनाव आयोग ने दे दिया है। यहां महानगरपालिका चुनाव में महायुति के 68 उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीते हैं, जिसमें बीजेपी के 44, शिवसेना के शिंदे गुट के 22 और अजित पवार की पार्टी के 2 उम्मीदवार चुनाव निर्विरोध जीते हैं।
निर्विरोध जीतने वालों की जांच क्यों होगी?
बता दें कि SEC के आदेश के बाद इस बात की जांच की जाएगी कि क्या दबाव और लालच के कारण उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। क्या निर्विरोध चुनाव जीतने के लिए विजयी उम्मीदवारों ने दूसरे उम्मीदवारों पर नॉमिनेशन वापस लेने का प्रेशर बनाया। जान लें कि जांच की रिपोर्ट आने के बाद महाराष्ट्र का चुनाव आयोग, रिपोर्ट के आधार पर निर्विरोध चुने गए कैंडिडेट्स के नामों की घोषणा करेगा।
BMC में कितने उम्मीदवारों ने वापस लिया नॉमिनेशन?
बीएमसी चुनाव के उम्मीदवारों के फाइनल आंकड़ों के मुताबिक, जांच प्रक्रिया के दौरान 167 कैंडिडेट्स के नॉमिनेशन पत्र अवैध घोषित किए गए। इसके अलावा, 2,231 उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को वैध माना गया। वहीं, 453 प्रत्याशियों ने अपने नॉमिनेशन पेपर वापस ले लिए। इसके बाद अब बीएमसी चुनाव में कैंडिडेट्स की अंतिम संख्या 1,700 है।
लातूर-ठाणे और नागपुर में कुल कितने उम्मीदवार?
वहीं, लातूर नगर निगम इलेक्शन के लिए नॉमिनेशन पेपर वापस लिए जाने की समय-सीमा खत्म होने के बाद टोटल 359 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। एक अफसर ने बताया कि ठाणे नगर निगम चुनाव में 649 प्रत्याशी चुनाव में भाग लेंगे। वहीं, कांग्रेस ने दावा किया कि नागपुर निकाय चुनाव में उनकी पार्टी के सभी बागी यानी 150 उम्मीदवारों ने अपना नॉमिनेशन वापस ले लिया है।
Source of News:- indiatv.in
कितने बागियों को मना पाई BJP?
जबकि BJP ने कहा कि वह अपने 96 बागी कैंडिडेट्स से नामांकन वापस कराने में कामयाब रही है। बीजेपी की नागपुर यूनिट के अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने कहा कि पार्टी लीडरशिप से चर्चा के बाद 96 नॉमिनेशन वापस कराए गए हैं।








