UP School Closed Due to Winter: उत्तर प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को पांच जनवरी तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को ठंड में गलन का तड़का लग गया। सर्द पछुआ हवाओं के चलते कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ी। कड़ाके की ठंड का ये दौर अभी जारी रहेगा। साथ ही 34 जिलों में घना कोहरा छाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के 12वीं तक के सभी स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। प्रदेश में इस समय अधिकतर जिले शीतलहर की चपेट में हैं।
इसे देखते हुए पूर्व में सोमवार से बृहस्पतिवार तक 12वीं तक के विद्यालयों में छुट्टी की गई थी। शुक्रवार को माध्यमिक विद्यालय खुले थे। अब फिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बोर्डों आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है।
इस क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने माध्यमिक विद्यालयों व बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में पांच जनवरी तक छुट्टी के लिए निर्देश जारी किए हैं।
लखनऊ में देर रात फुहारें पड़ीं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए लखनऊ समेत प्रदेश के आठ जिलों में शीत दिवस की आशंका जताई है।
प्रदेश में शुक्रवार को दिन में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गलन भरी पछुआ ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। इससे जहां दिन में धूप खिली, वहां भी गलन हावी रही। 6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बाराबंकी और हरदोई प्रदेश में सबसे ठंडे रहे।
13.3 डिग्री के साथ बरेली का दिन सबसे ठंडा रहा। घने कोहरे की वजह से कानपुर, आगरा, गोरखपुर, अमेठी में दृश्यता शून्य दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रही पछुआ के असर से प्रदेश भर में अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। शनिवार के लिए 34 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अलाव जलवाएं कंबल उपलब्ध करवाएं : सीएम
सीएम योगी ने सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। सभी रैन बसेरों में भी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
यहां घने कोहरे का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।
Source of News:- amarujala.com
यहां है शीत दिवस
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी व आसपास के इलाकों में।
यूपी में शुक्रवार को विक्षोभ के कमजोर पड़ने और सर्द पछुआ के असर से रातों में पारा गिरना शुरू होगा। अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।








