
फरीदाबाद शहर में हर बार बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या सामने आती है। इसका सबसे बड़ा कारण नालों पर अवैध रूप से बनाए गए मकान हैं, जिनकी वजह से नालों की सफाई नहीं हो पाती और पानी का बहाव रुक जाता है। प्रशासन के आदेश पर बड़खल रेलवे पुल के नीचे नाले पर बने 50 अवैध मकानों को तोड़ा गया है।
यह कार्रवाई हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा की गई। इससे पहले जिला उपायुक्त ने कुछ दिन पहले इस इलाके का निरीक्षण किया था, जिसमें उन्होंने देखा कि नाले के ऊपर काफी मकान बने हुए हैं। इसके बाद प्रशासन ने इन अवैध निर्माणों को हटाने के आदेश दिए।
दो दिन पहले दिया था नोटिस
मकान मालिकों को दो दिन पहले ही नोटिस देकर घर खाली करवाए गए थे। इसके बाद शुक्रवार को अर्थमूवर मशीनों की मदद से इन मकानों को गिराया गया। अधिकारियों के अनुसार, ये मकान कुछ महीनों पहले नहीं बल्कि कई साल पहले बनाए गए थे, लेकिन पहले इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इसका फायदा उठाकर लोगों ने पूरे नाले को घेर लिया और घर बना लिए।
source of news-Dainik Bhaskar
इस कारण बारिश के समय नाला ओवरफ्लो हो जाता था और उसका पानी आसपास के सेक्टरों जैसे सेक्टर-21ए में भर जाता था। कई बार तो कई-कई दिन तक पानी जमा रहता था, जिससे लोगों को बहुत परेशानी होती थी।
अभी भी कुछ अवैध मकान बाकी
HSVP के एसडीओ राजपाल ने बताया कि अभी भी कुछ अवैध मकान बाकी हैं, जिन्हें जल्दी ही तोड़ दिया जाएगा। प्रशासन का यह कदम शहर को जलभराव से राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।